मिर्जापुर, जून 17 -- मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र के पक्का घाट पर बुधवार सुबह गंगा नदी में स्नान के दौरान डूब रहे दो युवकों को स्थानीय मल्लाहों ने बचा लिया। पिछले तीन दिनों में अब तक 13 युवकों को डूबने से बचाया जा चुका है। जिला प्रशासन ने जान जोखिम में डालकर युवकों को बचाने वाले स्थानीय नाविकों को सम्मानित करेगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बुधवार सुबह गोरखपुर से आए दो तीर्थ यात्री आशीष मिश्रा और अनमोल पांडे विंध्याचल धाम में पक्का घाट पर स्नान कर रहे थे। अचानक गहरे पानी में चले गए तैरना न आने के कारण दोनों डूबने लगे। दोनों को डूबता देख सचिन निषाद और उसके साथियों ने देर न कर नांव लेकर पहुंचे और दोनों को बचा लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों युवक ठीक ठाक है।मल्लाहों की तत्परता से उन्हें बचा लिया गया।

रविवार को विंध्याचल धाम के गुदराघाट पर हरियाणा के अंबाला जिले से आए एक परिवार के पांच सदस्यों को सफलतापूर्वक बचाया गया था। हरियाणा से आए इस परिवार की स्थिति देखते बन रही थी। इसी दिन पक्का घाट पर दो लोगों को बचाया गया था।फतहां घाट पर सोमवार शाम को दो युवकों को बचा लिया गया था जबकि दो अन्य डूब गए थे। पिछले तीन दिनों में तेरह लोग बचाए गए हैं।

ण्विंध्यवासिनी देवी के धाम में जल पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम तैनात की गई है मगर स्थानीय मल्लाहों का योगदान उनसे बढ़कर है। जिला प्रशासन के सूत्रों की मानें तो शीघ्र एक आयोजन कर मल्लाहों को सम्मानित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित