मिर्जापुर , जून 29 -- उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र के मगरदा गांव में बारिश के दौरान बिजली की चपेट में आने से एक होमगार्ड के जवान की हो गयी, जबकि सोनगढ़ा ,हर्रा, मगरदा,मटिहरा तथा राजपुर गांव में छह लोग झुलस गये। परिजनों ने एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए जहां पर झूलसे लोगों का उपचार चल रहा है। हलिया थाना के प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि मगरदा गांव में रामदुलार (57) जो होमगार्ड का जवान था अपनी पत्नी मानमती (55) के साथ रविवार को देर शाम बरामदे में बैठे थे। उसी समय बगल में बिजली गिरने से रामदुलार की घटनास्थल पर मौत हो गयी तथा उनकी पत्नी मानमती झुलस गयी। पड़ोसी पुष्पा (18) तथा प्रमिला (16) भी झुलस गई। सोनगढ़ा गांव में अमित कुमार (22) तथा मटिहरा गांव में प्रीति यादव (15)झुलस गयी।

राजपुर गांव में प्रेमा (65) कच्चे मकान के बरामदे में बैठी थी कि बगल में बिजली गिरने से झुलस गई। रामनरायन कोल का एक बैल नीम के पेड़ के नीचे बंधा था बिजली गिरने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मृतक होमगार्ड रामदुलार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया है। जिला प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री कोष से आर्थिक आपदा सहायता के लिए कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित