मिर्जापुर , अप्रैल 30 -- मिर्जापुर जिले में अहरौरा थाना क्षेत्र के छातो गांव के जंगल में पुलिस ने एक मुठभेड़ में दो गौ तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों तस्करों के पैर में गोली लगी है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि मुखबिर से बीती देर रात सूचना मिली थी कि दो तस्कर अहरौरा के जंगल के रास्ते गोवंश को बिहार ले जा रहे हैं। इस पर अहरौरा पुलिस ने बैजूबाबा की ओर छातो गांव के पास जंगल में चंदौली जिले के निवासी रामबच्चन यादव और रामप्रसाद यादव को रोकने को कहा लेकिन दोनों बदमाश पुलिस पर गोलियां चलाते हुए भागने लगे।
पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि रामबच्चन पर नौ मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। जबकि रामप्रकाश के पर पांच मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार अपराधियों के पास से दोनों देशी पिस्तौल जिंदा कारतूस के साथ 45 राशि गो वंश बरामद किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित