मिर्जापुर , सितंबर 16 -- मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना क्षेत्र के सागरपुर गांव के पास ट्रक की चपेट में आने से पैदल जा रहे चाचा भतीजा की मृत्यु हो गई। पुलिस ने बुधवार को बताया कि चील्ह थाना क्षेत्र के सागरपुर गांव निवासी सुनील यादव (30) अपने भतीजे अंकित (5) के साथ सागरपुर स्थित एक दुकान से वापस अपने घर जा रहे थे कि बीती देर रात मिर्जापुर औराई मार्ग पर मिर्जापुर की तरफ से औराई की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी टेढ़वा अरविंद गुप्ता ने घायलों को भदोही जनपद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। चालक की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित