मिर्जापुर , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार पांच वर्षीय बालक सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोनपुर गांव निवासी अनुराग बिंद (19) पुत्र चंद्रावती बिंद अपनी चाची देववती बिंद (28) पत्नी अशोक कुमार बिंद और उनके पांच वर्षीय पुत्र अनमोल को मोटरसाइकिल से घाटमपुर झाड़-फूंक के लिए ले जा रहा था। इसी दौरान चुनार-अहरौरा मार्ग पर रोशनहर गांव के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और तीनों को रौंदते हुए निकल गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और चालक की गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर कई घंटों बाद जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा ट्रक को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित