मिर्जापुर , सितंबर 14 -- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में लालगंज थाना क्षेत्र के बामी गांव के पास सोमवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गयी। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जबलपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया।
पुलिस उपाधीक्षक अमर बहादुर ने बताया कि बामी गांव निवासी शिवनाथ (50) और प्रियांशु (13) सोमवार सुबह करीब सात बजे साइकिल से घर की ओर जा रहे थे। जबलपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जेपी फ्यूल स्टेशन के पास रीवा की ओर से आ रहे ट्रक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद मृतकों के परिजन और स्थानीय लोगों ने मार्ग बाधित करने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद आवागमन सुचारु हो गया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को शासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित