मिर्जापुर , सितंबर 06 -- उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र के भगवतीदेई गांव के पास शनिवार को क्रेशर प्लांट में हुए हादसे में चार मजदूरों की मौत प्रकरण में खदान मालिक एवं क्रेशर प्लांट मालिक सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें कुछ अज्ञात के विरुद्ध भी रिपोर्ट दर्ज हुई।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि सोनभद्र जिले के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी चार युवक क्रमशः लालबहादुर, अशोक, राकेश और दुर्योधन की मृत्यु हुई है। उन्होंने बताया है कि दुर्योधन के भाई ने दुर्घटना के संबंध में बीती रात खान मालिक मधुसूदन सिह विस्फोटक मनोज यादव क्रेशर प्लांट मालिक शिवकुमार पटेल विनोद पटेल आनन्द पटेल सहित कुछ अन्य अज्ञात लोगों को मुलजिम बनाया गया है।
घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेने के बाद जिला प्रशासन हरकत में है। कमिश्नर , उप पुलिस महानिरीक्षक सहित सभी आला अधिकारियों का मौके पर पहुंचे और पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कार्यवाही शुरू कर दी गई है। फिलहाल अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
स्थानीय स्तर पर घटना का कारण सौ मीटर दूर खदान में दो बार हुए विस्फोट को माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार घटना के कुछ मिनट पहले दो बार विस्फोट किया गया था। अनुमान है कि विस्फोट से जमीन में हुए कम्पन मुख्य कारण रहा होगा। हालांकि खदान में विस्फोट एक सामान्य प्रक्रिया है। जिलाधिकारी ने बताया कि शवों के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मिल गई। गहन जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित