मिर्जापुर , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में बीती रात कच्चा मकान गिरने से उसके मलबे के अंदर दब कर तीन बुजुर्गों की मृत्यु हो गई जबकि एक अन्य गम्भीर रूप से घायल हो गया। मड़िहान तहसील के उपजिलाधिकारी संतोष कुमार ओझा ने बताया कि मड़िहान थाना क्षेत्र के रजौहा गांव निवासी रमाशंकर सिंह पटेल (70) और उनकी पत्नी अशोक कुमारी (68) अपने कच्चे मकान में सोये हुए थे। क्षेत्र में लगातार बारिश से जर्जर मकान बुधवार रात लगभग ग्यारह बजे भरभरा कर गिर गया जिसके मलबे में दोनों दब गए। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव वालों की सहायता से दोनों को मलबे से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
श्री ओझा ने बताया कि एक अन्य घटना में बभनी गांव निवासी हीरालाल (65) अपनी पत्नी केवली देवी (60) गांव के बाहर पम्प सेट पर रखवारी के लिए कच्चे मकान में सोये हुए थे। रात लगभग एक बजे अचानक मकान गिर गया जिसमें दोनों दब गए। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह उस समय हुई जब उधर गुजर रहे लोगों ने उन्हे देखा और तुरंत अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने केवली देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि गम्भीर रूप से घायल हीरालाल को इलाज के लिए भर्ती कर लिया है। जहां उनकी स्थिति गम्भीर है।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित सहायता राशि चार चार लाख रुपए सहायता राशि दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित