धार , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के सरदारपुर तहसील अंतर्गत ग्राम गोंदीखेड़ा चारण में मिर्ची व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को अदालत ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार पूर्व रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। मामले के कई बिंदुओं पर आगे पूछताछ शेष होने और मुख्य आरोपी सुरेंद्र के फरार होने के चलते पुलिस ने पुनः रिमांड की मांग की, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया।

विवेचना के दौरान पुलिस आरोपी कमलेश को राजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम छंडावद लेकर पहुंची, जहां फरार आरोपी सुरेंद्र भाटी का निवास है। पूछताछ में कमलेश ने बताया कि सुरेंद्र एक हत्या के मामले में महाराष्ट्र से जमानत पर बाहर आया था और कुछ माह पूर्व दोनों की दोस्ती हुई थी। कमलेश पर आर्थिक कर्ज होने के चलते उसने सुरेंद्र को वारदात में शामिल किया।

पुलिस के अनुसार 7 अप्रैल की मध्यरात्रि को देवकृष्ण पुरोहित की हत्या हुई थी। प्रारंभ में पत्नी प्रियंका ने अज्ञात बदमाशों द्वारा हत्या और लूट की कहानी बताई थी, लेकिन जांच में यह तथ्य सामने आया कि हत्या प्रेम प्रसंग के चलते साजिशन करवाई गई थी।

जांच में प्रियंका और कमलेश के बीच संबंध उजागर हुए, जिसके बाद दोनों ने मिलकर देवकृष्ण को रास्ते से हटाने के लिए सुपारी देकर हत्या करवाई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सुरेंद्र सिंह भाटी अभी फरार है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और रिमांड के दौरान मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित