बड़वानी , फरवरी 26 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के राजपुर विकासखंड क्षेत्र में स्थित एक शासकीय प्राथमिक विद्यालय में मिड डे मील की थालियां श्वानों के द्वारा चाटे जाने के मामले एवं अन्य अनियमितताओं को लेकर प्रभारी प्राचार्य समेत तीन शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

राजपुर के विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रफुल्ल पुरोहित ने गुरुवार को बताया कि शासकीय प्राथमिक विद्यालय रुई के प्रभारी प्राचार्य मदनलाल मुजाल्दे, सहायक शिक्षक भारत सिंह कन्नौजे एवं ठान सिंह नरगावे के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनका पांच-पांच दिन का वेतन काट दिया गया है।

उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को मध्याह्न भोजन बच्चों द्वारा वितरित होने के बाद जूठी थालियों के श्वानों के चाटने का वीडियो सामने आया था। यह थालियां दो दिन तक नहीं धोई गई थी। उन्होंने बताया कि जांच में जानकारी मिली कि 27 जनवरी को मध्याह्न भोजन नहीं बना और उसका अनियमित संचालन होना पाया गया। साथ ही मीनू अनुसार भोजन नहीं दिया जाना भी पाया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित