मैनपुरी , जून 6 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को मैनपुरी जनपद के मिड़ावली स्थित प्राचीन माता मंदिर के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। लगभग 1.18 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए इन कार्यों का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा, विंध्याचल, चित्रकूट और नैमिषारण्य जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर हुए विकास कार्यों ने उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है।

जयवीर सिंह ने कहा कि सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। धार्मिक स्थलों के विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।

उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने अपराध और माफिया तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। बेहतर कानून-व्यवस्था और सुशासन के कारण प्रदेश में निवेश का वातावरण मजबूत हुआ है और नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज और औद्योगिक कॉरिडोर जैसी आधारभूत संरचना परियोजनाओं ने उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान की है। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित