जालौन , सितंबर 29 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में 15 अक्टूबर से विक्रय के लिए प्रदर्शित एवं भंडारित सभी प्रकार की मिठाइयों पर 'यूज बाई डेट' यानी उपयोग की अंतिम तिथि प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने उपभोक्ता हित एवं जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की है।

विभाग के अनुसार मिठाइयों की उपयोग अवधि उनकी प्रकृति के अनुसार एक से 30 दिन तक हो सकती है। समय बीतने के साथ मिठाई की गुणवत्ता और ताजापन प्रभावित होता है। पैक्ड मिठाइयों पर अवसान तिथि अंकित करने का प्रावधान पहले से है, जबकि खुली मिठाइयों के लिए अब यह व्यवस्था लागू की गई है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई की। नगर मजिस्ट्रेट उरई के नेतृत्व में कोंच बस स्टैंड स्थित कन्हैया स्वीट्स हाउस से बूंदी के लड्डू का नमूना लिया गया। कुशवाहा स्वीट हाउस में करीब 15 किलोग्राम एल्युमिनियम वर्क लगी बर्फी नष्ट कराई गई।

जालौन में श्री शंकर मिष्ठान भंडार से खोया का नमूना लिया गया, जबकि साफ-सफाई संतोषजनक न मिलने पर सुधार सूचना जारी करने की संस्तुति की गई। गिरिराज जी मिष्ठान भंडार और श्री कृष्णा स्वीट्स का भी निरीक्षण किया गया। इसके अलावा कोंच रोड पर मिश्रित दूध, कदौरा के श्री राधा स्वीट हाउस से पनीर तथा बीएमसी सेंटर से मिश्रित दूध का नमूना लिया गया। कुल पांच नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित