जौनपुर , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मिट्टी से लदे एक ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र बाल-बाल बच गया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी ज्ञान सिंह अपनी मां राजदेई (65) को बाइक से दवा दिलाने जौनपुर शहर ले जा रहे थे। शंकरमंडी चुंगी-दहीरपुर नाला मार्ग पर हैदरपुर के पास पीछे से आए मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में राजदेई ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा उनका पुत्र ज्ञान सिंह सुरक्षित बच गया।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए तथा ट्रैक्टर को घेर लिया। इस बीच चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ट्रैक्टर को थाने ले गई है तथा चालक की तलाश के साथ दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रैक्टर बिना पंजीकरण के अवैध खनन से मिट्टी ढो रहा था। पुलिस ने कहा कि इस संबंध में भी जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित