छपरा,0 2 नवंबर (वार्ता) बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को कहा कि परिवार का स्वास्थ्य सीधे मिट्टी के स्वास्थ्य से जुड़ा है और जिस मिट्टी में अन्न उपजाया जाता है, यदि वह स्वस्थ और पोषक तत्वों से भरपूर होगी, तभी शुद्ध एवं पौष्टिक भोजन मिलेगा और परिवार स्वस्थ रहेगा।
श्री सिन्हा ने कहा कि खेतों का संरक्षण और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना केवल किसानों ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मिट्टी बचेगी, तभी थाली सजेगी और खेत बचेंगे, तभी खुशहाली आएगी।
कृषि मंत्री ने आज सारण जिले में आयोजित 'खेत बचाओ अभियान-सह-कृषि जनकल्याण संवाद' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि एवं किसानों के सर्वांगीण विकास, खेतों की उर्वरता के संरक्षण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रति राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में किसानों ने भी कृषि से जुड़ी अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।
इस दौरान कृषि मंत्री ने बीज, कीटनाशक, मिट्टी जांच और उर्वरक समेत कृषि से जुड़े 19 महत्वपूर्ण विषयों पर किसानों से सीधा संवाद किया तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित