बैतूल , सितंबर 14 -- गणेश चतुर्थी के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने स्थानीय कलाकारों द्वारा मिट्टी से हस्तनिर्मित गणेश प्रतिमा खरीदी। उन्होंने प्रतिमा का भुगतान डिजिटल माध्यम से करते हुए पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने और डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

इस दौरान श्री खण्डेलवाल ने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान गणेश से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। उन्होंने कहा कि मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाएं हमारी परंपरा, स्थानीय कला और पर्यावरण संरक्षण का बेहतर उदाहरण हैं।

उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों और कारीगरों द्वारा तैयार मिट्टी की प्रतिमाएं खरीदने से उन्हें रोजगार और आर्थिक सहयोग मिलता है। वहीं, मिट्टी की प्रतिमाएं विसर्जन के बाद पर्यावरण के लिए भी अपेक्षाकृत अनुकूल रहती हैं। उन्होंने नागरिकों से गणेशोत्सव में स्थानीय कलाकारों द्वारा निर्मित मिट्टी की प्रतिमाएं खरीदकर स्थापित करने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने डिजिटल भुगतान को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में डिजिटल लेन-देन को लगातार बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान से लेन-देन आसान और पारदर्शी होता है। इसी भावना के अनुरूप उन्होंने गणेश प्रतिमा खरीदने के बाद उसका भुगतान डिजिटल माध्यम से किया और मौजूद लोगों को भी डिजिटल भुगतान अपनाने के लिए प्रेरित किया।

श्री खण्डेलवाल ने कहा कि त्योहार केवल धार्मिक आस्था का अवसर नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से स्थानीय कला, संस्कृति और कारीगरों को भी बढ़ावा दिया जा सकता है। मिट्टी की प्रतिमा खरीदने से स्थानीय कलाकारों को सीधे आर्थिक लाभ मिलता है और पारंपरिक कला को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।

इस अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री अतीत पवार, जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, नगर पालिका अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष महेश्वर सिंह चंदेल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विक्रम वैद्य, जिला कोषाध्यक्ष दीपक सलूजा, गंज मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि कैलाश बंडू धोटे और पार्षद नितेश पिंटू परिहार सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित