मुरैना , जून 16 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के सबलगढ़ अनुभाग के अंतर्गत एक मिट्टी की खदान ढह जाने से एक नाबालिग बालिका की मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य बालिकाएं घायल हो गईं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना ग्राम बक्सपुर की है। मंगलवार सुबह जूली, शैलों, मालती और रूली नामक चार नाबालिग बालिकाएं घरेलू कार्य के लिए मिट्टी लेने खदान पर गई थीं। इसी दौरान अचानक खदान का हिस्सा भरभराकर ढह गया और चारों बालिकाएं मिट्टी में दब गईं।

दुर्घटना में 13 वर्षीय जूली की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अन्य तीन बालिकाएं घायल हो गईं। घायल बालिकाओं को तत्काल समीप के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रूली की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित