एजल , फरवरी 22 -- भारत-म्यांमार सीमा पर कड़ी निगरानी के बीच मिजोरम के चंफाई जिले में पुलिस ने 31.06 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ के साथ म्यांमार के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई शुक्रवार सुबह ज़ोखावथर थाना की टीम द्वारा नियमित गश्त के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट की गई। पुलिस ने संदेह होने पर म्यांमार से जोखावथर में प्रवेश कर रही एक वैन को रोका।
पुलिस के अनुसार पकड़े आरोपी की पहचान 52 वर्षीय जैना के तौर पर हुई है, जो म्यांमार के चिन राज्य के लामजांग गांव का मूल निवासी है और वर्तमान में खावमावी (म्यांमार) में रह रहा था, जो जोखावथर के सामने स्थित है। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की गहन तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वैन के बाएं फ्रंट फेंडर में छिपाए गए क्रिस्टल मेथामफेटामाइन के पांच पैकेट बरामद हुए, जिन पर "गुआन्यिनवांग रिफाइंड चाइनीज टी" का लेबल लगा था। दाएं फ्रंट फेंडर से तीन और "गुआन्यिनवांग" तथा दो "डागुआनयिन रिफाइंड चाइनीज टी" लेबल वाले पैकेट मिले।
इन सभी में संदिग्ध क्रिस्टल मेथामफेटामाइन भरा था। कुल जब्त मेथामफेटामाइन का वजन 10.259 किलोग्राम है।
इसके अलावा, उसी छिपे हुए हिस्से से 145 ग्राम हेरोइन से भरे 12 साबुन केस भी बरामद किए गए। सभी मादक पदार्थ, परिवहन में प्रयुक्त वाहन और आरोपी का मोबाइल फोन विधिक प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिए गए।
इस सिलसिले में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट 1985 की धारा 22(सी), 21(बी) और 25 तथा इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट 2025 की धारा 21 के तहत दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह बरामदगी मिजोरम की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बढ़ाई गई निगरानी की वजह से हुई। आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान राज्य पुलिस ने असम राइफल्स और सीमा सुरक्षा बल के समन्वय से 1,047 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं।
इसी अवधि में राज्य आबकारी एवं नारकोटिक्स विभाग ने 487.128 किलोग्राम विभिन्न प्रतिबंधित पदार्थ जब्त कर 652 लोगों को गिरफ्तार किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित