आइजोल , जून 23 -- मिजोरम सरकार ने म्यांमार से आये शरणार्थियों के लिए मुफ्त चावल वितरण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को चंपाई जिले के राहत शिविरों और बस्तियों के लिए 4,229 क्विंटल चावल रवाना किया।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री बी. लालछनजोवा ने न्यू चंपाई स्थित भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) गोदाम से चावल ले जा रहे वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने म्यांमार और बंगलादेश से आये शरणार्थियों तथा मणिपुर के विस्थापित लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए राज्य के लोगों का आभार व्यक्त किया।

राहत कार्यक्रम के तहत प्रत्येक शरणार्थी को 35 किलोग्राम चावल निःशुल्क दिया जायेगा। यह खाद्यान्न केंद्र सरकार की सहायता से उपलब्ध कराया गया है।

राज्य सरकार के अनुसार केंद्र ने इस वर्ष शरणार्थियों और आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों की सहायता के लिए पांच करोड़ रुपये मंजूर किये हैं। इस सहायता से म्यांमार और बंगलादेश के 31,300 से अधिक शरणार्थियों तथा मणिपुर के 7,000 से अधिक विस्थापितों को मुफ्त चावल उपलब्ध कराया जा रहा है।

म्यांमार सीमा से सटे चंपाई जिले में सबसे अधिक 12,083 म्यांमार शरणार्थी रह रहे हैं। जिले के 43 शरणार्थी-आश्रय गांवों के लिए 4,460 क्विंटल चावल आवंटित किया गया है, जिसमें से 4,229 क्विंटल मंगलवार को भेजा गया।

मिजोरम 2021 में म्यांमार में सैन्य तख्तापलट के बाद से वहां से आये हजारों लोगों के अलावा बंगलादेश और मणिपुर से आये विस्थापितों को भी शरण और राहत उपलब्ध करा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित