नयी दिल्ली , जुलाई 30 -- डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया (डीसीसीआई) ने इंग्लैंड में 5 से 19 अगस्त तक आयोजित होने वाली मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट सीरीज के लिए 16 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। जम्मू-कश्मीर के माजिद एएच मगरे को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि साई आकाश सैवामणि उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। टीम को आज शाम यहाँ दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने अपनी शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर टीम जर्सी भी लांच की गयी। टीम कल इंग्लैंड के लिए रवाना होगी। टीम को शुक्रवार को दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के उद्घाटन समारोह में विदाई दी जायेगी।

भारत सात मैचों की आईटी20 सीरीज का आगाज 5 और 7 अगस्त को आवरकूप काउंटी ग्राउंड, डर्बी में खेले जाने वाले पहले दो मुकाबलों से करेगा। इसके बाद तीसरा मैच 9 अगस्त को अप्टनस्टील ग्रेस रोड, लीसेस्टर में, चौथा मुकाबला 12 अगस्त को काउंटी ग्राउंड, पांचवां और छठा मुकाबला 15 और 16 अगस्त को अरुंडेल में खेले जाएंगे, जबकि अंतिम और सातवां मुकाबला 19 अगस्त को क्रिकेट के प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। सभी मैच स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे शुरू होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित