सोनीपत , जुलाई 30 -- हरियाणा के सोनीपत में मिक्सर ट्रक चालक अजय कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर मामले को सड़क दुर्घटना मानकर जांच शुरू की है, लेकिन मृतक के परिजनों ने साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
मृतक अजय कुमार उत्तर प्रदेश के एटा जिले के काजीपुर (बदरपुर) गांव के निवासी थे और पिछले तीन वर्षों से सोनीपत स्थित यूनीटेक कंपनी में मिक्सर वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे। वह सोनीपत में अकेले रहते थे, जबकि उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी उत्तर प्रदेश में रहते हैं।
परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन अजय ने फोन पर बताया था कि वह रात का खाना खाने जा रहा है। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका। बाद में कंपनी कर्मचारियों ने परिवार को जानकारी दी कि शाम करीब छह बजे एक अज्ञात व्यक्ति, जिसने स्वयं को अजय का भाई बताया, कार्यस्थल पर आया और उसे अपने साथ ले गया। परिजनों का कहना है कि सोनीपत में अजय का कोई भाई नहीं रहता, जिससे पूरे घटनाक्रम पर संदेह गहरा गया है।
कुछ समय बाद पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि अमेक्स सिटी चौक के पास सड़क दुर्घटना में अजय की मौत हो गई है। परिजनों का आरोप है कि मामले को केवल दुर्घटना मानकर बंद नहीं किया जाना चाहिए और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित