मुंबई , अगस्त 06 -- सावन के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भक्ति से ओतप्रोत नया बोलबम गीत 'कैलाश के निवासी' वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के ऑफिशियल प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दिया गया है। इस भक्तिमय गीत में भोजपुरी अभिनेत्री माही श्रीवास्तव और गायिका शिवानी सिंह की जोड़ी नजर आ रही है।
गीत के वीडियो में माही श्रीवास्तव श्रद्धालु के रूप में भगवान शिव की आराधना करती दिखाई दे रही हैं। वह महादेव से अपने भक्तों के कष्ट दूर करने और कृपा बनाए रखने की प्रार्थना करती हैं। माही ने अपने भावपूर्ण अभिनय और नृत्य से गीत को आकर्षक बना दिया है, जबकि शिवानी सिंह की मधुर आवाज ने भक्ति का माहौल तैयार किया है।
वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के एमडी एवं फिल्म निर्माता रत्नाकर कुमार ने कहा कि सावन का महीना भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था और भक्ति का पर्व है। कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले लाखों शिव भक्तों को ध्यान में रखते हुए यह गीत तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि 'कैलाश के निवासी' दर्शकों और शिव भक्तों को पसंद आएगा।
इस गीत को शिवानी सिंह ने गाया है। इसके बोल मुकेश मिश्रा ने लिखे हैं, जबकि संगीत छोटू रावत ने दिया है। वीडियो का निर्देशन सुनील बाबा ने किया है। डीओपी रंजन, कोरियोग्राफर एमके गुप्ता जॉय, एडिटर आलोक गुप्ता, डीआई रोहित सिंह और प्रोडक्शन पंकज सोनी हैं। गीत के सभी अधिकार वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के पास हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित