होशियारपुर , नवंबर 08 -- पंजाब के होशियारपुर जिले में माहिलपुर कस्बे में कपड़ा दुकानदार पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से .30 बोर की पिस्तौल, मैगजीन और चार कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को शाम करीब सात बजे दो अज्ञात व्यक्ति स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर शहीदां रोड स्थित रेडीमेड कपड़ों की दुकान में पहुंचे और दुकानदार जसवीर चंद (निवासी गांव गज्जर) पर गोली चला दी। इस घटना में जसवीर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस संबंध में माहिलपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने तकनीकी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर जांच करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान गांव बिहाला निवासी मनजोत सिंह उर्फ जोटा और गांव जट्टपुर निवासी साहिल उर्फ शैली के रूप में हुई है। दोनों गांव चब्बेवाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि वारदात के अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित