चंडीगढ़ , अक्टूबर 08 -- पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने गुरुवार को कहा कि 'मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना' के तहत अब तक करीब 3,722 करोड़ रुपये पात्र महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के पहले चरण में जुलाई, अगस्त और सितंबर के लिए 75.16 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 2,602.46 करोड़ रुपये भेजे गए। दूसरे चरण की पहली किस्त के रूप में 32 लाख से अधिक महिलाओं को 1,118.93 करोड़ रुपये और हस्तांतरित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 79 लाख से अधिक महिलाओं ने पंजीकरण कराया है और एक करोड़ से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस योजना पर सालाना करीब 12,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी और पंजाब की करीब 97 प्रतिशत महिलाओं को इसके दायरे में लाने का लक्ष्य है। 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र सामान्य वर्ग की महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जा रही है।
डॉ. कौर ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि यह केवल वित्तीय सहायता की योजना नहीं, बल्कि महिलाओं की गरिमा, आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की पहल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित