फगवाड़ा , जून 13 -- सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने पंजाब सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना के तहत पात्र महिलाओं के पंजीकरण में तेजी लाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत पंजीकृत महिलाओं को एक जुलाई से आर्थिक सहायता मिलनी शुरू हो जाएगी, इसलिए सभी पात्र लाभार्थियों का समय रहते पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
शनिवार को फगवाड़ा में महिला सत्कार सखियों से मुलाकात के दौरान डाॅ चब्बेवाल ने कहा कि पंजाब सरकार ने महिलाओं से किए गए वादों को पूरा किया है और जल्द ही पात्र महिलाओं को योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को 1,000 रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह प्रदान किए जाएंगे।
योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए डॉ. चब्बेवाल ने कहा कि फगवाड़ा क्षेत्र में पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में हर महीने लगभग 12 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है। महिला सत्कार सखियों को संबोधित करते हुए डॉ. चब्बेवाल ने बताया कि प्रत्येक सत्कार सखी को अपने क्षेत्र में 50 महिला लाभार्थियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे घर-घर जाकर महिलाओं की सहायता करेंगी और आधार कार्ड लिंकिंग, बैंक खाते की जानकारी अपडेट करवाने, वोटर आईडी सत्यापन तथा अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के लिए जाति प्रमाण पत्र जैसी औपचारिकताओं को पूरा कराने में मदद करेंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सफल पंजीकरण पर सत्कार सखी को 300 रुपये मानदेय दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पंजाब की मतदाता सूची में दर्ज 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की सभी महिलाएं, जिनके पास आधार कार्ड और वोटर पहचान पत्र है, योजना का लाभ लेने की पात्र हैं। हालांकि आयकरदाता, पंजाब सरकार, केंद्र सरकार अथवा अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सेवारत या सेवानिवृत्त कर्मचारी, सांसद, विधायक तथा सेवारत मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के पति या पत्नी इस योजना के दायरे में नहीं आएंगे।
डॉ. चब्बेवाल ने महिला सत्कार सखियों को भरोसा दिलाया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित