चंडीगढ़ , जून 22 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने सोमवार को कहा कि सरकार की अंतिम गारंटी 'मावां-धीयां सत्कार योजना' को लागू करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं और एक जुलाई से महिलाओं के बैंक खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यहां जारी बयान में श्री पन्नू ने बताया कि आप ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान जनता से किये गये सभी वादों को मान सरकार ने पूरा कर दिया है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को तीन माह की एकमुश्त पहली किस्त दी जाएगी। सामान्य वर्ग और अन्य श्रेणियों की महिलाओं के खातों में 3,000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की महिलाओं के खातों में 4,500 रुपये जमा किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा की गयी घोषणा के अनुसार एक जुलाई से लाभार्थियों के खातों में राशि पहुंचनी शुरू हो जाएगी।
श्री पन्नू ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले जो गारंटियां दी थीं, उनमें से यह अंतिम शेष गारंटी थी। इसके लागू होने के साथ ही पार्टी द्वारा जनता से किये गये सभी चुनावी वादे पूरे हो जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी सरकार ने अपने चुनावी घोषणा-पत्र में किये गये 100 प्रतिशत वादों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार केवल चुनावी लाभ के लिए घोषणाएं करने में विश्वास नहीं रखती, बल्कि हर वादे को जमीन पर लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री पन्नू ने यह भी कहा कि सरकार ने चुनावी घोषणा-पत्र में शामिल वादों को पूरा करने के अलावा कई अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं और लोकहित से जुड़े फैसले भी लागू किये हैं, जिनका लाभ समाज के विभिन्न वर्गों को मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार जवाबदेही, पारदर्शिता और जनसेवा के नये मानक स्थापित कर रही है तथा जनता से किये गये प्रत्येक वचन को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित