मुंबई , अप्रैल 22 -- जमीयत उलेमा-ए-हिन्द ने कहा कि वह मालेगांव बम धमाके से जुड़े मामले में बुधवार को बरी हुए आरोपियों के खिलाफ याचिका दायर करेगा।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के आतंकवाद-विरोधी दस्ते ने 2006 मालेगांव बम धमाके के संबंध में नौ मुस्लिम आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अपनी जांच में पाया था कि इसके पीछे हिन्दू चरमपंथ का हाथ है, जिसके बाद राजेंद्र चौधरी, धन सिंह, मनोहर राम सिंह नरवरिया और लोकेश शर्मा को गिरफ्तार किया गया था।

महाराष्ट्र की एक विशेष अदालत ने सभी नौ आरोपियों को 2016 में बाइज्जत बरी कर दिया था। बॉम्बे उच्च न्यायालय ने एनआईए द्वारा गिरफ्तार किये गये चार आरोपियों को आज रिहा कर दिया, जिसके बाद 2016 में रिहा हुए आरोपियों का प्रतिनिधित्व करने वाले जमीयत ने कहा कि वह इस फैसले के खिलाफ अपील करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित