भीलवाड़ा , फरवरी 19 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के उपनगर पुर में गुरुवार को माली समाज विकास सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित चतुर्थ सामूहिक विवाह सम्मेलन धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
इस पावन अवसर पर 18 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोचार के बीच एक-दूसरे का हाथ थामकर दांपत्य जीवन की शुरुआत की। आयोजकों ने बताया कि समारोह का आगाज सुबह ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की मधुर स्वर लहरियों के साथ हुआ। दूल्हा-दुल्हन की भव्य शोभायात्रा (बिंदोली) निकाली गई, जिसमें समाजजन जमकर थिरके। इसके पश्चात तोरण की रस्म अदा की गई और शुभ मुहूर्त में पाणिग्रहण संस्कार संपन्न हुआ। संस्थान द्वारा नवविवाहित जोड़ों को उपहार स्वरूप पलंग, बर्तन और अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की गयी।
सम्मेलन में आर्थिक सहयोग करने वाले दानदाताओं का दिल खोलकर स्वागत किया गया। पांच हजार से लेकर 61 हजार रुपये तक की सहयोग राशि देने वाले भामाशाहों को दुपट्टा ओढ़ाकर और स्मृति चिह्ल भेंट करके सम्मानित किया गया। यह सम्मान पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा द्वारा प्रदान किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित