अलवर , अप्रैल 29 -- राजस्थान में अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हुए सड़क हादसे में घायल युवक से मिलने बुधवार को विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली अस्पताल पहुंचे।

इस दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गयी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही श्री जूली जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचकर जूली ने घायलों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वह इस कठिन समय में उनके साथ खड़े हैं और हर संभव मदद के लिए प्रयास करेंगे। परिजनों के दुख को साझा करते हुए उन्होंनेउन्हें न्याय दिलाने का भरोसा भी दिलाया।

इसके बाद मीडिया से बातचीत में श्री जूली ने राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि राज्य में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लापरवाही के कारण निर्दोष लोगों की जान जा रही है। श्री जूली ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि हादसे के आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया। वह अधिकारियों से इस पूरे मामले की जानकारी लेंगे और लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।

उन्होंने सरकार से मांग की कि हादसे की निष्पक्ष जांच करके दोषियों को कड़ी सजा दी जाये, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित