ऋषिकेश , अगस्त 31 -- उत्तराखंड में बदरीनाथ हाईवे पर मालाकुंठी के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में श्रीनगर निवासी भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार श्रीनगर के डांग निवासी चार लोग कार से ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहे थे। मालाकुंठी के पास एक मोड़ पर सामने से आ रहे डंपर से कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार डंपर के नीचे जा घुसी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में कार चालक ऋषभ सेमवाल और उनकी बहन रक्षा सेमवाल की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं कार की पिछली सीट पर बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित