चंडीगढ़ , जुलाई 29 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया है कि मालवा क्षेत्र में सफेद मक्खी के प्रकोप ने कपास की फसल को बर्बाद कर दिया है, जबकि नशे के "चिट्टे" ने पंजाब की युवा पीढ़ी को तबाह कर दिया है।

उन्होंने बुधवार को बठिंडा जिले के तलवंडी साबो विधानसभा क्षेत्र के गांव गटवाली में आयोजित विशाल जनसभा में आम आदमी पार्टी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने की तीन माह की अवधि में नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन आज भी नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिससे सरकार की विफलता उजागर हो गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने पंजाब को भारी कर्ज के बोझ तले दबा दिया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार बनने के समय राज्य पर 2.82 लाख करोड़ रुपये का कर्ज था, जो अब बढ़कर लगभग 4.5 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इतना कर्ज लेने के बावजूद राज्य में कोई उल्लेखनीय विकास नहीं हुआ और दिल्ली से आए नेता पंजाब को लूटने में लगे हुए हैं।

श्री ढिल्लों ने कहा कि जिस प्रकार इतिहास में अहमद शाह अब्दाली ने पंजाब को लूटा था, उसी तरह आज आम आदमी पार्टी का दिल्ली नेतृत्व पंजाब का शोषण कर रहा है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल को "राजनीतिक नौटंकी का माहिर" बताते हुए कहा कि भाजपा दिखावे नहीं बल्कि विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को गारंटी के नाम पर धोखा दिया है। सरकार पूरे कार्यकाल का वादा पूरा करने के बजाय केवल तीन महीने की सहायता राशि देकर प्रचार कर रही है और वह राशि भी सभी पात्र महिलाओं तक नहीं पहुंच रही।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पंजाब में सड़कों और अन्य विकास कार्यों के लिए धन उपलब्ध करा रही है, लेकिन राज्य सरकार उन परियोजनाओं पर अपनी तस्वीरें लगाकर उनका श्रेय लेने का प्रयास कर रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल को भी पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर पुलिस बल की कमी की ओर ध्यान दिलाना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह पत्र स्वयं राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का प्रमाण है।उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में चार सरकारी भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं और दो अन्य भर्ती घोटाले भी सामने आए हैं, लेकिन श्री केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के अन्य नेता इस मुद्दे पर पूरी तरह चुप हैं। उन्होंने लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि यदि पंजाब को फिर से समृद्ध, शांतिपूर्ण और जनकल्याणकारी राज्य बनाना है तो महाराजा रणजीत सिंह की 'सरकार-ए-खालसा' की भावना से प्रेरित भाजपा सरकार का गठन आवश्यक है।

इस दौरान सुखविंदर सिंह और नवजोत सिंह अपने समर्थकों सहित भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। श्री ढिल्लों ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी में पूरा सम्मान और उचित जिम्मेदारी देने का भरोसा दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित