चंडीगढ़ , अगस्त 18 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख एल. मंडाविया को पत्र लिखकर बठिंडा में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) का उप-क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित करने की मांग की है।
श्री ढिल्लों ने मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित ईएसआईसी कर्मचारी यूनियन, पंजाब क्षेत्र की ओर से प्राप्त मांगपत्र को केंद्रीय मंत्री के पास भेजते हुए इस मांग को अपना पूर्ण समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब के मालवा क्षेत्र में लंबे समय से ईएसआईसी के उप-क्षेत्रीय कार्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बठिंडा, मानसा, श्री मुक्तसर साहिब, बरनाला, फरीदकोट, फाजिल्का और आसपास के क्षेत्रों के लाखों बीमित कर्मचारी, पेंशनभोगी, नियोक्ता तथा अन्य लाभार्थी ईएसआईसी से संबंधित कार्यों के लिए दूर स्थित कार्यालयों पर निर्भर हैं। इसके कारण उन्हें अतिरिक्त समय और धन खर्च करना पड़ता है तथा कई बार आवश्यक सेवाएं हासिल करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री से मालवा क्षेत्र के श्रमिकों, पेंशनभोगियों, नियोक्ताओं और अन्य लाभार्थियों की सुविधा एवं हितों को ध्यान में रखते हुए बठिंडा में ईएसआईसी उप-क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित करने की मंजूरी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बठिंडा में कार्यालय स्थापित होने से मालवा क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों को अपने घरों के नजदीक ईएसआईसी सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी और उन्हें बार-बार दूर स्थित कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित