भिण्ड , अगस्त 25 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार 26 अगस्त को उद्योग विस्तार की बड़ी शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गॉदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की विस्तारित चौथी विनिर्माण इकाई का शुभारंभ करेंगे। इकाई के विस्तार पर 450 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है और इससे 2 हजार 250 से अधिक नए रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग में नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति प्रमाण-पत्र भी वितरित करेंगे। विस्तार के तहत 10 मीट्रिक टन प्रति घंटे की क्षमता वाला निरंतर सैपोनिफिकेशन संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ प्रति मिनट 217 बंडल की क्षमता वाली स्वचालित पैकेजिंग प्रणाली भी स्थापित होगी।

विस्तार के बाद संयंत्र में प्रतिवर्ष 42 करोड़ हेयर कलर सैशे, 14 करोड़ मच्छर निरोधक उत्पाद और 10 करोड़ एयर फ्रेशनर सैशे बनाने की क्षमता होगी। हेयर क्रीम उत्पादन की क्षमता बढ़कर 7 हजार 300 मीट्रिक टन प्रतिवर्ष हो जाएगी।

मालनपुर स्थित गॉदरेज संयंत्र वर्ष 1991 से संचालित है। 65 एकड़ में फैले इस संयंत्र में अब तक करीब 850 करोड़ रुपये का संचयी निवेश किया जा चुका है। वर्तमान में यहां प्रतिवर्ष 1 लाख 50 हजार मीट्रिक टन साबुन नूडल्स और 70 हजार मीट्रिक टन तैयार टॉयलेट साबुन का उत्पादन होता है। विस्तार के बाद साबुन नूडल्स की क्षमता 2 लाख मीट्रिक टन और तैयार साबुन की क्षमता 1 लाख 20 हजार मीट्रिक टन सालाना हो जाएगी। दोनों को मिलाकर कुल उत्पादन क्षमता 3 लाख 20 हजार मीट्रिक टन प्रतिवर्ष हो जाएगी।

विस्तार से भिण्ड और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होने के साथ सहायक औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। राज्य को प्रतिवर्ष करीब 185 करोड़ रुपये का अतिरिक्त केंद्रीय जीएसटी और राज्य जीएसटी राजस्व मिलने की संभावना है।

गॉदरेज ने उत्पादन विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया है। मालनपुर संयंत्र में शून्य तरल अपशिष्ट उत्सर्जन प्रणाली के साथ 204 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाएगा। संयंत्र में साबुन, हेयर कलर और घरेलू कीटनाशक सहित विभिन्न उत्पादों का निर्माण होता है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ श्रम, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा भिण्ड जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, जनप्रतिनिधि और गॉदरेज समूह के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। विस्तार के बाद मालनपुर संयंत्र एशिया की सबसे बड़ी एकीकृत साबुन विनिर्माण इकाई बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित