भागलपुर , सितंबर 26 -- िहार में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा भागलपुर- साहिबगंज - मंदारहिल रेलखंड पर शनिवार को यात्रियों की सुविधाजनक एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। मालदा मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह ने आज यहां बताया कि मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में इस रेलखंड पर चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान के तहत वाणिज्य निरीक्षको एवं टिकट जांच निरीक्षकों ने रेलवे सुरक्षा बल के सहयोग से विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में टिकट जांच कर कुल 220 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए सभी बेटिकट यात्रियों से जुर्माने के रुप में कुल एक लाख,77 हजार 375 रुपए राशि की वसूली की गई है। यह टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिससे अगले महीने आरंभ होने वाले पर्व- त्यौहार के अवसर पर बढ़ती भीड़ के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो और बेटिकट यात्रा करने वाले लोगों की संख्या में कमी आ सके।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को उचित एवं वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए प्रोत्साहित करना है, विशेषकर त्योहारी मौसम के दौरान, जिससे यात्रियों के लिए सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित की जा सके। मालदा रेल मंडल सभी यात्रियों से अपील करता है कि वे उचित एवं वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें तथा सुरक्षित, अनुशासित एवं यात्री-अनुकूल रेल परिवेश बनाए रखने में रेलवे का सहयोग करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित