रुद्रपुर , जुलाई 19 -- उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले की केलाखेड़ा पुलिस ने मार्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला के साथ हुई लूट की घटना का रविवार को खुलासा कर दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय गणपति के अनुसार विगत 17 जुलाई को मार्निंग वॉक पर निकली मजरा रहमतुल्ला निवासी बुजुर्ग महिला से अज्ञात लुटेरे ने सोने के कुंडल और मोबाइल फोन लूट लिया था।

पीड़ित के पुत्र नरेश कुमार की ओर से डायल-112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी गई। केलाखेड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रकरण के खुलासा के लिए 03 पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस टीम ने सर्वप्रथम घटनास्थल और आसपास के 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तथा लगभग 40 संदिग्धों को चिन्हित किया।

आखिरकार 19 जुलाई को पुलिस ने आरोपी रामस्वरूप (35) निवासी चंदनपुरा, डाम वाली गली, थाना केलाखेड़ा, जनपद ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक जोड़ी पीली धातु के कुंडल, लूटी नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह लक्ष्मी राइस मिल, गदरपुर में बॉयलर चलाने का काम करता है। रात की ड्यूटी से लौटते समय वह अक्सर पीड़ित बुजुर्ग महिला को अकेले टहलते हुए देखता था। महिला के कानों में सोने के कुंडल देखकर उसके मन में लालच आ गया। उसे लगा कि महिला बोलने में असमर्थ है।

इसलिए उसकी पहचान नहीं हो पाएगी। इसी लालच में उसने 17 जुलाई की सुबह सुनसान रास्ते पर महिला को खेत में धक्का देकर उनके कानों से कुंडल लूट लिए। आरोपी कुंडलों को बेचने के लिए रामपुर जाने की तैयारी में था। इस तभी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित