रायपुर , मार्च 15 -- छत्तीसगढ़ में मार्च के महीने में ही गर्मी ने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिन में तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जहां शनिवार को पारा 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं रायपुर जिले के लालपुर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री, बिलासपुर में 39 डिग्री, पेंड्रा रोड में 37.2 डिग्री, जगदलपुर में 37.5 डिग्री और अंबिकापुर में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, बलौदाबाजार, रायपुर, महासमुंद, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित