नयी दिल्ली , अक्टूबर 27 -- देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी के निदेशकमंडल ने मंगलवार को 'ओसामु सुजुकी उत्कृष्टता केंद्र फाउंडेशन' की स्थापना के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी प्रदान कर दी।

फाउंडेशन विनिर्माण क्षेत्र के लिए देश में कौशल विकास और वोकेशनल प्रशिक्षण के लिए काम करेगा। इसका नाम सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के पूर्व चेयरमैन ओसामु सुजुकी के सम्मान में रखा गया है जिनका 25 दिसंबर 2024 को निधन हो गया था। मारुति सुजुकी के माध्यम से भारत में सुजुकी मोटर्स के प्रवेश का श्रेय उन्हें दिया जाता है। भारत सरकार ने साल साल 2007 में उन्हें पद्म भूषण और साल 2025 में मरणोपरांत पद्म विभूषण दिया था।

मारुति सुजुकी ने शेयर बाजार को बताया कि यह फाउंडेशन उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई होगा। शुरुआती चुकता पूंजी एक लाख रुपये होगी जिसे 10 रुपये के अंकित मूल्य वाले 10 हजार शेयरों में विभाजित किया जायेगा।

कंपनी ने अप्रैल 2025 में इस उत्कृष्टता केंद्र की घोषणा की थी। अभी कंपनी पंजीयक के पास फाउंडेशन का पंजीकरण करना शेष है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित