अलवर , मई 31 -- राजस्थान में अलवर जिले के सदर थाना क्षेत्र में किथूर गांव में तीन दिन पहले हुई मारपीट घायल हुए युवक सोनू प्रजापत की इलाज के दौरान मौत होने के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया है।
पुलिस ने शव मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार किथूर निवासी सोनू प्रजापत मिस्त्री का काम करता था, जबकि उसका साथी टिंकू बेलदारी का काम करता है। दोनों रोजाना साथ में मजदूरी पर जाते थे। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले घटना वाले दिन दोनों किथूर बस स्टैंड स्थित एक होटल पर बैठे हुए थे। इसी दौरान तीन से चार युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी युवक शराब के नशे में थे और आते ही टिंकू के साथ मारपीट शुरू कर दी।
श्री टिंकू को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आये सोनू प्रजापत के साथ भी आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के दौरान सोनू को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। आंत फटने से मामला ज्यादा गंभीर हो गया। शुरुआत में उसने चोटों को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन दो दिन बाद तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उसे अलवर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सोनू ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घायल अवस्था में जमीन पर पड़े सोनू को तीन से चार युवक धमकाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि यह घटना 29 मई की है। इसमें परिजनों ने सोनू प्रजापत के साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है, पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित