बैतूल , सितंबर 09 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक सेवानिवृत्त पुलिस आरक्षक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना साईखेड़ा थाना क्षेत्र के पोहर गांव की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक के एक रिश्तेदार की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 63 वर्षीय रामकुवर पवार के साथ मंगलवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच गांव में मारपीट हुई थी। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 की मदद से उन्हें बैतूल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान रात में उनकी मौत हो गई।
बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया है कि रामकुवर पवार पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर कार्यरत थे और पुलिस लाइन में भी सेवाएं दे चुके थे। वह करीब छह महीने पहले मार्च में सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद वह अपने पैतृक गांव पोहर में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है।
बैतूल एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक का कुछ पारिवारिक विवाद सामने आया है। आशंका है कि इसी विवाद के चलते उनके साथ मारपीट की गई। हालांकि घटना के वास्तविक कारण और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मृतक के रिश्तेदार की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित