गोरखपुर , अप्रैल 2 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरक्षपीठ के अनन्य भक्त एवं वरिष्ठ समाजसेवी मारकंडेय यादव के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह उनके पैतृक गांव लुहसी (पिपराइच) स्थित आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर अंतिम नमन किया। बताया गया कि मारकंडेय यादव का बुधवार सुबह मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। वे गोरक्षपीठ के प्रति गहरी आस्था रखने वाले समाजसेवी थे।
मुख्यमंत्री सुबह करीब सवा दस बजे लुहसी स्थित आवास पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर और चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए गुरु गोरखनाथ से प्रार्थना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों-पत्नी गुड्डी यादव, पुत्र संजीव यादव व विशाल यादव, भाई हरेंद्र यादव, पुत्री वंदना यादव और दामाद हिमांशु यादव से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित