लोहाघाट/चम्पावत , जून 07 -- 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को चम्पावत जनपद स्थित विश्व प्रसिद्ध अद्वैत आश्रम मायावती में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग रही, जिसमें स्थानीय लोगों, देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं और योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन तथा जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी चम्पावत के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अद्वैत आश्रम के अध्यक्ष स्वामी सुहृदयानन्द ने भगवान धन्वन्तरि की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने योग को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का प्रभावी माध्यम बताते हुए नियमित अभ्यास का संदेश दिया।
स्वामी विवेकानंद की तपस्थली माने जाने वाले मायावती आश्रम के शांत और आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित योग सत्र का संचालन योग अनुदेशिका लीला जोशी ने किया। वहीं योग अनुदेशक विजय देउपा और सोनिया आर्या ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में विशेष रूप से वृद्धावस्था में स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली बनाए रखने में योग की भूमिका पर जोर दिया गया।
अद्वैत आश्रम प्रबंधन समिति के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. सुधाकर गंगवार ने किया। इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. प्रकाश सिंह, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के जिला नोडल अधिकारी डॉ. उमेश भारती, आश्रम के श्रद्धालु, योग साधक तथा आयुर्वेद विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से योग को स्वस्थ जीवन और सकारात्मक वृद्धावस्था का आधार बताते हुए 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित