जशपुर , फरवरी 19 -- त्तीसगढ़ में जशपुर में थाना नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम जामटोली में एक पिता द्वारा अपनी ही बेटी की टांगी से मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की शिकायत मृतका की बड़ी बहन ने पुलिस को दी थी। हत्या की वजह बेहद मामूली है, घर बनाने के दौरान यह मामूली विवाद पिता और बेटी के बीच हुआ था।

पुलिस से गुरुवार मिली जानकारी के अनुसार,मृतका बिंदिया लकड़ा, जो आंगनबाड़ी सहायिका थी, अपने पिता के साथ रहती थी। वह घर के पास एक नया मकान बनवा रही थी। इसी सिलसिले में गिट्टी-बालू मंगवाने और पैसे के लेन-देन को लेकर 18 फरवरी को उसका अपने पिता से झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर पिता ने टांगी के पिछले हिस्से से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के ही अनुसार, 18 फरवरी को प्रार्थिया अनुषा लकड़ा ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बड़ी बहन बिंदिया अपने पिता लौरेस लकड़ा के साथ ग्राम जामटोली में रहती थी। बिंदिया आंगनबाड़ी सहायिका थी और घर के पास एक नया मकान बनाने के लिए नींव खुदवाकर बालू गिरवा चुकी थी।

18 फरवरी की दोपहर करीब तीन बजे आरोपी पिता ने बिंदिया से कहा कि वह घर बनाने के लिए जल्दी ईंट-गिट्टी मंगवाए, नहीं तो उसे पैसे दे दे। पैसे और निर्माण सामग्री को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी पिता ने आवेश में आकर घर में रखी टांगी के पिछले हिस्से से अपनी बेटी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में आरोपी लौरेस लकड़ा के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां डॉक्टरों ने सिर पर आघात को मौत का कारण बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित