बुरहानपुर , अगस्त 26 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के नेपानगर में मामूली विवाद के बाद एक टेलर ने अपने कारीगर पर कैंची से हमला कर दिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना 22 अगस्त की रात करीब आठ बजे की है। पुलिस ने आरोपी टेलर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों के बयान के बाद उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की बात कही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आदर्श कॉलोनी निवासी देवानंद देवचंद चौधरी (36) पांधार एरिया निवासी टेलर बिरज कुमार रामचंद्र देवड़ा के यहां कारीगर का काम करता था। देवानंद ने काम छोड़ दिया था, जिससे आरोपी का व्यवसाय प्रभावित हो रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

बताया गया है कि 22 अगस्त की रात करीब आठ बजे दोनों के बीच दुकान के सामने किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान शराब के नशे में देवानंद ने बिरज कुमार को छाता मार दिया, जिसका कोना उसकी आंख में लग गया। इससे गुस्साए टेलर ने दुकान से कैंची निकालकर देवानंद पर हमला कर दिया। कैंची के वार से उसके पेट और छाती में गंभीर चोटें आईं। घायल देवानंद को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

नेपानगर थाना प्रभारी शाहबुद्दीन कुरैशी ने बताया कि दोनों के बीच विवाद के बाद कारीगर कैंची लगने से घायल हुआ था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के कथन लेने के बाद आरोपी बिरज कुमार देवड़ा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित