प्रयागराज , जून 16 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर हुए आरडीएक्स बम हमले के आरोपी और माफिया दिलीप मिश्रा की करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्तियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।

पुलिस ने अब उसकी 1.10 करोड़ रुपए की एक और बेनामी संपत्ति का पता लगाया है, जिसे जल्द ही कुर्क किया जाएगा। पुलिस जांच में सामने आया कि मेजा क्षेत्र के सिंलौधी गांव में दिलीप मिश्रा ने दो भूखंड बेनामी तरीके से खरीद रखे थे। इनमें एक भूखंड 9,400 वर्ग मीटर और दूसरा 9,100 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक ये दोनों संपत्तियां दिलीप मिश्रा ने अपनी एक रिश्तेदार महिला की बहू के नाम पर खरीदी थीं। जब संबंधित महिला की आय के स्रोत की जांच की गई तो पता चला कि जिस समय यह संपत्ति खरीदी गई थी, उस दौरान उसकी आय का कोई वैध स्रोत नहीं था। इसके बाद पुलिस ने संपत्ति कुर्क करने की रिपोर्ट पुलिस कमिश्नर को भेज दी।

सोमवार को पुलिस कमिश्नर की ओर से संपत्ति कुर्क करने का आदेश देर शाम जारी कर दिया गया। अब इस संपत्ति को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्क किया जाएगा। मेजा स्थित इस संपत्ति पर कार्रवाई महज 25 दिनों के भीतर दिलीप मिश्रा के आर्थिक नेटवर्क पर दूसरी बड़ी चोट मानी जा रही है। इससे पहले 23 मई को पुलिस ने नैनी थाना क्षेत्र के छिवकी इलाके में स्थित उसकी 43 लाख रुपये कीमत की संपत्ति कुर्क की थी। यह मकान भी पुलिस के मुताबिक आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से तैयार किया गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर नोटिस बोर्ड लगवाकर मुनादी भी कराई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित