चंडीगढ़ , अगस्त 22 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने शनिवार को कहा कि भगवंत मान सरकार के पिछले साढ़े चार वर्षों के कामों का विपक्ष के पास कोई जवाब नहीं है और इसी कारण विरोधी मुख्यमंत्री तथा उनके करीबियों पर बेबुनियाद आरोप लगाकर कीचड़ उछालने की राजनीति कर रहे हैं।

एक संवाददाता सम्मेलन में श्री पन्नू ने कहा कि विपक्ष ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को बदनाम करने के लिए हर संभव हथकंडा अपनाया, लेकिन पंजाब की जनता सरकार के कामों को खुद देख और महसूस कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी मुख्यमंत्री नियमित चिकित्सा जांच के लिए जाते हैं या बीमार पड़ते हैं, विपक्षी नेता उनकी सेहत को लेकर सनसनीखेज और मनगढ़ंत बातें फैलाते हैं। इसी तरह मुख्यमंत्री के निवेश और कारोबार के सिलसिले में विदेश दौरे को लेकर भी जानबूझकर अफवाहें फैलाने का आरोप उन्होंने लगाया।

उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार के कामों का जवाब देने के बजाय विपक्ष के पास मुख्यमंत्री और उनके सहयोगियों पर आरोप लगाने के अलावा कुछ नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने साढ़े चार वर्षों में पिछली सरकारों की तुलना में पंजाब के लिए उल्लेखनीय काम किये हैं। आप नेता ने कहा कि नहरी सिंचाई के क्षेत्र में सरकार के कामों का बड़ा असर दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार, भगवंत मान सरकार के सत्ता में आने के समय केवल करीब 21 प्रतिशत कृषि भूमि को नहरी पानी मिल रहा था, जो अब बढ़कर करीब 80 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि पिछले 45 वर्षों में पंजाब का पानी कहां गया और किन समझौतों के तहत दूसरे राज्यों को पानी दिया गया। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर बात नहीं करना चाहता।

श्री पन्नू ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सरकार की उपलब्धियां गिनायीं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव किये गये हैं और राज्य शिक्षा रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मोहल्ला क्लीनिक स्थापित करने, अस्पतालों का कायाकल्प करने, मुफ्त दवाएं और जांच उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक व्यक्ति के लिए 10 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा शुरू करने जैसे कदम उठाये हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने मुफ्त बिजली और महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता समेत अपने कई वादे पूरे किये हैं। उनके अनुसार, सरकार बनने के तीन महीने के भीतर हर घर को हर दो महीने में 600 यूनिट मुफ्त बिजली देने की योजना लागू की गयी थी, जो अब भी जारी है। उन्होंने कहा कि मावां-धीआं सत्कार योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह दिये जा रहे हैं तथा करीब 80 लाख पंजीकरण हो चुके हैं।

श्री पन्नू ने सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) के गठन को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल करते हुए कहा कि इससे सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम सामने आये हैं।

मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर घुम्मण से जुड़े आरोपों का जिक्र करते हुए श्री पन्नू ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के पत्र को लेकर अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि ईडी का पत्र मजीठिया द्वारा सार्वजनिक रूप से इस तरह क्यों प्रस्तुत किया जा रहा है, जैसे वह जांच एजेंसी के प्रवक्ता हों। उन्होंने कहा कि राजबीर घुम्मण की ओर से आरोपों के सबूत मांगने के लिए कानूनी नोटिस भेजे जाने के बाद आरोप लगाने वालों को अपने दावों का आधार स्पष्ट करना होगा।

श्री पन्नू ने कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा के रिश्तेदार रंजीत सिंह द्वारा मुख्यमंत्री की पत्नी पर लगाये गये आरोपों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि बिना सबूत या प्रमाण के केवल दावों के आधार पर इतने गंभीर आरोप नहीं लगाये जाने चाहिए। उन्होंने खैरा पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने नकारात्मक राजनीति को अपनी दिनचर्या बना लिया है और जनता अब ऐसी राजनीति से ऊब चुकी है।

उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वालों को अपने आरोप साबित करने के लिए तैयार रहना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति बिना सबूत बार-बार आरोप लगाता है तो संबंधित पक्ष को कानूनी नोटिस भेजकर साक्ष्य मांगने और कानून के तहत कार्रवाई करने का अधिकार है। आरोप साबित नहीं होने पर संबंधित लोगों को कानूनी परिणामों का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।

आप नेता ने कहा कि विपक्षी नेता आरोप लगाने में व्यस्त हैं, जबकि पंजाब के लोग रोजमर्रा की जिंदगी में सरकार के कामों का अनुभव कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि लोगों को 600 यूनिट मुफ्त बिजली मिल रही है, किसानों को दिन के समय बिजली मिल रही है, मरीजों को मोहल्ला क्लीनिकों और अस्पतालों में उपचार मिल रहा है तथा 10 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों को नहरी पानी की बेहतर आपूर्ति मिल रही है, जिससे भूजल पर दबाव कम करने में मदद मिली है। उन्होंने दावा किया कि नहरी पानी की आपूर्ति में वृद्धि केवल सरकार का दावा नहीं है, बल्कि संसद में पेश की गयी जानकारी में भी इसका उल्लेख हुआ है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अच्छी तरह जानती है कि भगवंत मान सरकार ने क्या काम किये हैं और विपक्ष के आरोप इन जमीनी वास्तविकताओं को नहीं बदल सकते।

श्री पन्नू ने कहा कि आप सरकार विपक्ष की नकारात्मक राजनीति से विचलित हुए बिना विकास के काम जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता काम करने वाली सरकार और केवल आरोप लगाने वाली राजनीतिक पार्टियों के बीच अंतर समझती है।

आप मीडिया प्रभारी ने दोहराया कि पार्टी बिना सबूत किसी व्यक्ति को बदनाम करने की कोशिशों को स्वीकार नहीं करेगी और आरोप लगाने वालों को अपने दावों के प्रमाण देने होंगे। उन्होंने कहा कि आरोप साबित नहीं करने वाले लोगों को कानून के अनुसार कार्रवाई और संभावित कानूनी परिणामों का सामना करना पड़ सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित