चंडीगढ़ , अक्टूबर 20 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे से उम्मीद जगी है कि राज्य में कथित तौर पर सरकारी संरक्षण में चल रहे नशे के कारोबार पर लगाम लगेगी और युवाओं को नशे के जहर से बचाया जा सकेगा।
मानसा में केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे के बाद पत्रकारों से बातचीत में श्री जाखड़ ने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है और हर गुजरते दिन के साथ उसका प्रभाव कम होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब आकर युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले दिल्ली के लोगों को अब राज्य छोड़ना होगा।
श्री जाखड़ ने कहा कि श्री शाह ने परविंदर सिंह झोटा के परिवार की चिंताओं को सुना और आश्वासन दिया कि सीबीआई की टीम बुधवार को पंजाब पहुंचकर जांच शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि इस मामले या नशे से जुड़े अन्य मामलों में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे जेल भेजा जाएगा।
भाजपा नेता ने झोटा के पिता और पत्नी के साहस की सराहना करते हुए कहा कि परिवार ने अपने सदस्य को खोने के बावजूद समाज को नशे से बचाने का प्रयास जारी रखा है। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
श्री जाखड़ ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार प्रीगैबलिन कैप्सूल को पहले ही अनुसूचित दवाओं की सूची में शामिल कर चुकी है। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि चीमा दिल्ली में बैठे अपने नेताओं की ओर से भेजे गए बयान पढ़ रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित