नयी दिल्ली , मई 01 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए उन लोकतंत्र को शर्मसार करने का आरोप लगाया है।

श्री सचदेवा ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि जिस तरह श्री मान विधानसभा में लड़खड़ाते हुए आये और लड़खड़ाती जुबान में विधानसभा में बोले लेकिन विधानसभाध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने उन्हें रोका नहीं, उससे उन पर (श्री संधवां) पर भी सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिस तरह मुख्यमंत्री आज हताशा में शराब पीकर विधानसभा में पहुंचे ,उससे स्पष्ट है कि उन्हें अब खुद भी पंजाब सरकार के स्थायित्व पर विश्वास नहीं है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्री मान का शराब पी कर विधायी सदन में पहुंचने का यह पहला मौका नहीं था, वह पहले भी सांसद रहते हुए लोकसभा मेंनशे में आ चुके हैं और आज तो वह लड़खड़ाते हुए सदन में आये और नशे की हालत में बोलकर सभी मर्यादाएं लांघ दीं।

उन्होंने कहा कि पंजाब के साथ दिल्ली और देश की जनता श्री मान की हालत देख कर स्तब्ध है और चाहती है कि आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल अविलंब श्री मान पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित