फगवाड़ा , जून 18 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के फगवाड़ा दौरे और प्रस्तावित 'मिलनी कार्यक्रम' से पहले शहर में गुरुवार को व्यापक सुरक्षा प्रबंध किये गये।
मुख्यमंत्री के गांधी चौक में आम लोगों से संवाद करने के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने शहर के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
इसी बीच, भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) के नेताओं और सदस्यों ने घोषणा की कि वे फगवाड़ा की दाना मंडी में एकत्र होकर गोल्डन संधार शुगर मिल्स द्वारा किसानों के लगभग 28 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान न किये जाने के मुद्दे को उठाएंगे। किसान नेताओं ने प्रशासन से मुख्यमंत्री के साथ बैठक कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने का समय नहीं दिया गया, तो वे दाना मंडी में विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे।
दूसरी ओर, दिव्यांग एक्शन कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष लखवीर सिंह सैनी और महिला विंग की अध्यक्ष दविंदर कौर को पुलिस ने एहतियातन उनके घरों में नजरबंद कर दिया। दोनों नेता मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर दिव्यांगजनों से जुड़ी समस्याओं को उठाना चाहते थे।
मुख्यमंत्री के शाम साढ़े छह बजे के बाद शहर पहुंचने की संभावना के मद्देनजर पुलिस ने बाजार बंसांवाला, गांधी चौक, लोहा मंडी रोड, रेलवे रोड और सराय रोड सहित कई प्रमुख मार्गों और प्रवेश बिंदुओं पर बैरिकेडिंग कर दी। सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण पूरे दिन शहर के बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित