चंडीगढ़ , मार्च 11 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अपने संबोधन के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से गयी टिप्पणियों की कड़ी निंदा की है।
श्री रंधावा ने बुधवार को कहा कि इन टिप्पणियों ने पंजाब के लोगों की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है।
उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक सार्वजनिक मंच से ऐसे अपमानजनक शब्द कहे गये, विशेष रूप से उस दिन जो हमारे समाज में महिलाओं की गरिमा, शक्ति और योगदान का जश्न मनाने के लिए समर्पित है। मुख्यमंत्री के पास एक कॉलेज कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित करते हुए युवा मन को प्रेरित करने और सम्मान, समानता सशक्तिकरण के आदर्शों को बढ़ावा देने का अवसर था। इसके बजाय, उनकी टिप्पणियों ने लोगों के बीच व्यापक निराशा और आक्रोश पैदा किया है।
श्री रंधावा ने कहा कि पंजाब अपनी समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के लिए जानी जाने वाली भूमि है, जहां आपसी सम्मान और सद्भाव हमेशा हमारे समाज के मार्गदर्शक सिद्धांत रहे हैं। कोई भी बयान जो धार्मिक मान्यताओं को कमतर आंकता है, या उनका अनादर करता है, वह अस्वीकार्य है और पंजाब की मूल भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा, " मैं मुख्यमंत्री से आग्रह करता हूं कि वे तुरंत अपने बयान पर स्पष्टीकरण दें और पंजाब के उन लोगों से बिनाशर्त माफी मांगें, जिनकी भावनाएं आहत हुई हैं। जन प्रतिनिधियों को नागरिकों, विशेषकर युवाओं को संबोधित करते समय जिम्मेदारी और संवेदनशीलताका परिचय देना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित