जालंधर , मई 07 -- पंजाब के जालंधर में गुरुवार को उस समय सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया जब एक धमकी भरे ईमेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान की चल रही 'शुक्राना यात्रा' के दौरान आत्मघाती कार बम (आईईडी) हमले की चेतावनी दी गई। ईमेल में केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का नाम भी निशाने पर बताया गया है।
इस धमकी के बाद जालंधर समेत पूरे पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ईमेल में जालंधर, अमृतसर, आदमपुर और फतेहगढ़ साहिब सहित कई शहरों का उल्लेख किया गया, जिससे पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गईं।
इस घटनाक्रम के बाद जालंधर के कई शिक्षण संस्थानों को एहतियातन खाली कराया गया। इनमें बीएसएफ मुख्यालय परिसर में स्थित बीएसएफ स्कूल भी शामिल है, जहां दो दिन पहले ही कम तीव्रता का धमाका हुआ था। स्कूल प्रिंसिपल रंजना डोगरा ने कहा कि प्रबंधन के निर्देश पर छात्रों को जल्दी छुट्टी दी गई, हालांकि स्कूल को किसी सीधे खतरे की जानकारी नहीं दी गई थी।
इसके अलावा एपीजे स्कूल समेत शहर के पांच से छह स्कूलों को भी बम की धमकी वाले ईमेल मिले। ईमेल में दावा किया गया कि स्कूलों में दोपहर 1:11 बजे और कॉलेजों में 2:11 बजे धमाके किए जाएंगे। अभिभावकों को बच्चों को घर पर रखने की चेतावनी भी दी गई थी।
जालंधर की एडीसीपी आकरशी जैन ने बताया कि सभी प्रभावित स्कूलों में पुलिस टीमें भेजी गईं है और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। अब तक किसी भी परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। धमकी का समय इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि मुख्यमंत्री भगवंत मान इस समय जालंधर में अपने जनसंपर्क कार्यक्रम 'शुक्राना यात्रा' पर हैं। इसे देखते हुए उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे शहर में गश्त तेज कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित