चंडीगढ़ , अप्रैल 29 -- हरियाणा सरकार ने आगामी मानसून को देखते हुए बाढ़, लू और सूखे जैसी संभावित आपदाओं से निपटने के लिए राज्यभर में तैयारियां तेज कर दी हैं।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्त आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने सभी संभागीय आयुक्तों और उपायुक्तों को नियंत्रण कक्ष सक्रिय करने और समन्वित प्रतिक्रिया तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
पंचकुला स्थित राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र पहले से 24x7 कार्यरत है। जिलों को मई के मध्य तक बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित करने और नोडल अधिकारियों की नियुक्ति के निर्देश दिए गए हैं। संचार व्यवस्था, इंटरनेट और जनशक्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर है।
सूखा प्रबंधन के लिए कृषि विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया है, जबकि सिंचाई, स्वास्थ्य और अन्य विभागों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। मॉक ड्रिल, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, निकासी योजना और राहत सामग्री की व्यवस्था पर काम जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित